Chandauli News: राहगीरों से लूटपाट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार,चेन लूट समेत कई वारदातों का खुलासा.
“चंदौली में अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने नेशनल हाइवे पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई सोने की चेन, तमंचे, कारतूस, बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद की है।”
chandauli
9:58 AM, Aug 29, 2026
Share:


पुलिस लाइन मामले का खुलासा करते पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल गिरफ्त में चारों आरोपी.
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने 25 अगस्त की रात एसएस हॉस्पिटल आलमपुर के पास फायरिंग कर सोने की चेन लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, तीन तमंचे, छह कारतूस, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल और 4,420 रुपये बरामद हुए हैं।
25 अगस्त की रात सूर्यान्श जायसवाल अपने मित्रों के साथ कार से जा रहे थे। आरोप है कि बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोककर तमंचे से फायर किया और उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के जरिए बदमाशों की तलाश शुरू की। 28 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी एक और वारदात की फिराक में सकलडीहा की तरफ से रिंग रोड की ओर आ रहे हैं। तारापुर/आलमपुर अंडरपास के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर बाइक सवार आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन सड़क गीली होने के कारण बाइक फिसल गई। दोनों को मौके से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनके दो अन्य साथियों की जानकारी मिलने पर दूसरी बाइक से आ रहे दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
पुलिसगिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार दुबे, अमन गिरी, कमलेश मिश्रा उर्फ पंकज मिश्रा और विनोद सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजकुमार और अमन वारदात को अंजाम देते थे, जबकि कमलेश और विनोद उन्हें सहयोग और शरण देने का काम करते थे। पुलिस ने बताया कि विनोद सिंह पर हत्या और हत्या के प्रयास समेत पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने चंदौली और वाराणसी में लूट की करीब चार-पांच घटनाओं की जानकारी दी है। हालांकि पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने इससे अधिक वारदातें भी की हो सकती हैं। अन्य जिलों की पुलिस को भी गैंग के बारे में जानकारी दी गई है। बरामद हथियार, वाहनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं और पुलिस गिरोह की अन्य वारदातों का सत्यापन कर रही है।
