Chandauli News: ऑटो में बैठाकर जेब काटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर टप्पेबाज गिरफ्तार.
"पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑटो संख्या यूपी 65 क्यूटी 7269 में यात्रियों को आगे बैठाते थे और कंधे पर गमछा रखकर उनका ध्यान भटकाकर पैसे चोरी कर लेते थे।"
chandauli
9:14 PM, May 22, 2026
Share:


मुगलसराय पुलिस की गिरफ्त में शातिर टप्पेबाज
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। मुगलसराय थाना पुलिस ने ऑटो में बैठाकर यात्रियों की जेब काटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की रकम और घटना में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा भी बरामद किया है।
मुग़लसराय पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजू (33 वर्ष), साजन (19 वर्ष) निवासी ग्राम भुईली खास, मिर्जापुर तथा मुकुल कुमार (21 वर्ष) निवासी सौगाई, चंदौली के रूप में हुई है। मामले में ताराजीवनपुर थाना अलीनगर निवासी प्रदीप कुमार गोड़ ने 21 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 20 मई की दोपहर वह घर जाने के लिए ऑटो में बैठे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें बातों में उलझाकर उनकी जेब से 2500 रुपये चोरी कर लिए और चकिया तिराहे के पास उतारकर फरार हो गए।
विज्ञापन
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 248/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुभाष पार्क स्थित पानी टंकी के सामने चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को दबोच लिया। मौके पर पहुंचे पीड़ित प्रदीप कुमार गोड़ ने आरोपियों और ऑटो की पहचान कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑटो संख्या यूपी 65 क्यूटी 7269 में यात्रियों को आगे बैठाते थे और कंधे पर गमछा रखकर उनका ध्यान भटकाकर पैसे चोरी कर लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 2000 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी शिव पूजन बिन्द, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल अभिषेक दुबे शामिल रहे।
