Chandauli News: बुजुर्ग महिलाओं को झांसा देकर गहने उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार.
“बलुआ पुलिस ने चहनियां क्षेत्र में बुजुर्ग महिलाओं को झांसा देकर गहने उड़ाने वाली टप्पेबाज गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। गिरोह चोरी के गहने गाजीपुर के एक ज्वैलर्स को बेच देता था।”
chandauli
9:25 PM, Aug 4, 2026
Share:


बलुआ पुलिस कि गिरफ्त में दोनों शातिर चोर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना पुलिस ने चहनियां क्षेत्र में लगातार हुई टप्पेबाजी की दो घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टप्पेबाजी के गहने बेचकर प्राप्त 5,220 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सेवई का पूरा के पास धानापुर-चहनियां मार्ग पर चेकिंग के दौरान गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अकेले आने-जाने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। बातचीत में उलझाकर विश्वास जीतते और फिर सुरक्षा का झांसा देकर उनके सोने के गहने उतरवा लेते थे। जांच में सामने आया कि 26 जुलाई को चहनियां बाजार में एक बुजुर्ग महिला से सोने के टप्स और मंगलसूत्र की टप्पेबाजी की गई थी। इसके बाद 1 अगस्त को भी चहनियां में एक अन्य बुजुर्ग महिला को झांसा देकर उसके कानों के सोने के टप्स उतरवा लिए गए थे।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि गिरोह चोरी किए गए आभूषण गाजीपुर निवासी राहुल ठठेरा उर्फ गोलू को बेच देता था। पूछताछ में राहुल ने स्वीकार किया कि वह बर्तन और आभूषण का कारोबार करता है तथा कम कीमत पर खरीदे गए गहनों को गलाकर आगे बेच देता था। पुलिस ने उसे टप्पेबाजी के माल की बकाया रकम देने के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजीपुर जिले के जमनियां थाना क्षेत्र निवासी पवन डोम, कनपातर डोम तथा राहुल ठठेरा उर्फ गोलू के रूप में हुई है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।
