Chandauli News: महिलाओं को बंधक बनाकर अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने वाले गैंग का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार.
“चंदौली के मुगलसराय में महिलाओं को नौकरी और मकान दिलाने का झांसा देकर बंधक बनाने और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रुपये वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुगलसराय पुलिस और साइबर सेल ने सरगना, उसकी पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।”
chandauli
9:50 AM, Aug 29, 2026
Share:


महिला समेत पकड़े गए गैंग के चारों आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। मुगलसराय पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने डहिया-बद्रीपुरम कॉलोनी में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गिरोह महिलाओं को नौकरी या मकान दिलाने के बहाने बुलाता था। इसके बाद उन्हें कमरे में बंधक बनाकर वीडियो बनाया जाता और वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता व उसके परिजनों से रुपये वसूले जाते थे।
मामले का खुलासा दो पीड़िताओं की शिकायत के बाद हुआ। एक महिला को मई में करीब दो दिन तक बंधक बनाकर परिजनों से 30 हजार रुपये मंगवाने के साथ उसके फोन से करीब 75 हजार रुपये ट्रांसफर कराने का आरोप है। वहीं अगस्त में दूसरी महिला से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और उसके खाते से 1.14 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। पीड़िता किसी तरह छत के रास्ते भाग निकली थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी विजय कुमार गुप्ता उर्फ रॉकी ने अपने भाई कृष्ण कुमार, पत्नी अंजली गुप्ता और परिचित विशम्भर विश्वकर्मा के साथ मिलकर गिरोह बनाया था। विशम्भर महिलाओं को बताए गए ठिकाने तक पहुंचाता था, जबकि अंजली खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर पीड़िताओं को डराती थी।
विज्ञापन
एसपी आकाश पटेल के मुताबिक, पूछताछ में करीब छह महिलाओं को इसी तरह निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन, 72,300 रुपये नकद, नौ एटीएम कार्ड, फर्जी पहचान पत्र, बैंक पासबुक-चेकबुक, पोर्टेबल वाईफाई डिवाइस, टॉर्चर किट और दो वाहन बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया कि मोबाइल में तीन आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। पुलिस अब वित्तीय लेनदेन और मोबाइल की जांच कर गिरोह के अन्य मामलों व संभावित पीड़ितों का पता लगा रही है।
