Chandauli News: मछली सप्लाई की आड़ में गांजा तस्करी का खुलासा, ट्रक से 435.5 किलो गांजा बरामद.
"सैयदराजा पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रक को संभल चौराहे के पास से लोड कराया गया था और गांजे की खेप बिहार पहुंचाई जानी थी। इस तस्करी के बदले उन्हें मोटी रकम मिलने का लालच दिया गया था।"
chandauli
7:39 PM, Jan 16, 2026
Share:


सैयदराजा पुलिस गिरफ्त में तस्कर बरामद गांजा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अरविंद कुमार, सैयदराजा, (चंदौली).
चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मछली लदे एक ट्रक से 435 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार कर गांजा लदा टाटा 12 चक्का ट्रक (UP 53 DT 4327) जब्त कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
सैयदराजा थाना प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि गुरुवार को पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि चंदौली की ओर से बिहार जा रहे एक ट्रक में मछलियों की आड़ में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर काले साहब मजार के पास बैरियर लगाकर सघन वाहन चेकिंग शुरू की।
विज्ञापन
इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक में लदी करीब 20 कैरेट मरी हुई मछलियों के नीचे और बीच में छिपाकर रखे गए 18 बंडलों में पैक गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर गांजे का कुल वजन 435.5 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक प्रियांशु पटेल, क्लीनर प्रदीप कुमार और एक अन्य आरोपी अखिलेंद्र प्रताप को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रक को संभल चौराहे के पास से लोड कराया गया था और गांजे की खेप बिहार पहुंचाई जानी थी। इस तस्करी के बदले उन्हें मोटी रकम मिलने का लालच दिया गया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ट्रक मालिक और गांजा सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की तलाश में दबिश दी जा रही है।



