Chandauli News: पानी टंकी परिसर में मिला अधजला शव, हत्या की आशंका से हड़कंप.
"पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि शव की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।"
chandauli
1:23 PM, Apr 23, 2026
Share:


घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के एकौनी गांव में स्थित निर्माणाधीन पानी टंकी की चारदीवारी के भीतर गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया यह मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिसमें पहचान छिपाने के लिए सबूत मिटाने की कोशिश की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि सुबह के समय जब ग्रामीण पानी टंकी के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने चारदीवारी के अंदर एक युवक का अधजला शव पड़ा देखा। दृश्य बेहद भयावह था, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल जफरपुरवा चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी जा रही है। हालांकि शव बुरी तरह जला हुआ है, लेकिन चेहरे का कुछ हिस्सा सुरक्षित होने के कारण पहचान की उम्मीद जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर जलाया गया, ताकि उसकी पहचान न हो सके। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल भी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
