Chandauli News: सैयदराजा से टिकट मिलने को लेकर आश्वस्त हरदेव कुशवाहा, मनोज सिंह डब्लू पर साधा निशाना.
“चंदौली की सैयदराजा विधानसभा सीट पर 2027 के चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में दावेदारी को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। सपा के राष्ट्रीय सचिव हरदेव सिंह कुशवाहा ने टिकट मिलने का दावा करते हुए मनोज सिंह डब्लू की पिछली चुनावी हार पर सवाल उठाए। उन्होंने कुशवाहा-मौर्य-शाक्य-सैनी समाज के 33,995 मतदाताओं का आंकड़ा भी सामने रखा।”
chandauli
1:14 PM, Nov 7, 2026
Share:


स्वर्गीय नेताजी मुलायम सिंह के साथ हरदेव सिंह कुशवाहा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। पूर्वांचल की चर्चित सैयदराजा विधानसभा सीट पर 2027 के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी में दावेदारों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सपा शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव हरदेव सिंह कुशवाहा ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए कहा कि वह 1989 से लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं और उन्हें चुनाव की अलग से तैयारी करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए भाजपा को सत्ता से बाहर करने में सक्षम है। हरदेव ने कहा कि पार्टी इस बार जमीन पर काम करने वाले और चुनावी समीकरण में फिट बैठने वाले व्यक्ति को टिकट देगी। उन्हें पूरा विश्वास है कि सैयदराजा से पार्टी का टिकट उन्हें ही मिलेगा और क्षेत्र की जनता उन्हें जीत दिलाएगी।
हरदेव कुशवाहा ने अपनी दावेदारी मजबूत बताते हुए कहा कि सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में कुशवाहा, मौर्य, शाक्य और सैनी समाज के करीब 33,995 मतदाता हैं। उनके मुताबिक बूथवार आंकड़े भी पार्टी नेतृत्व को उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए की एकजुटता के सामने धनबल और बाहुबल काम नहीं आएगा। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने बेरोजगारी, वादाखिलाफी और शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए। साथ ही कहा कि जनता बदलाव चाहती है और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटे हैं।
विज्ञापन
वर्तमान सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू की दावेदारी और पार्टी में अंदरूनी खींचतान के सवाल पर हरदेव ने कहा कि पार्टी ने उन्हें दो बार टिकट दिया, लेकिन वह जीत हासिल नहीं कर सके। उन्होंने उनकी चुनावी हार के लिए जातीय समीकरण को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि अपने समाज का पर्याप्त वोट नहीं मिलने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। क्षत्रिय मतदाताओं को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। हरदेव के इन बयानों से सैयदराजा में सपा के भीतर टिकट को लेकर चल रही खींचतान खुलकर सामने आ गई है।
सपा नेतृत्व से अपने संबंधों का जिक्र करते हुए हरदेव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया है कि टिकट का फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि जमीन पर काम और चुनावी समीकरण के आधार पर होगा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को अपना आदर्श बताते हुए उनके तीन मंत्र संघर्ष, साहस और ईमानदारी को जीवन का आधार बताया। हरदेव ने दोहराया कि वह सैयदराजा से चुनाव लड़ने और जीतने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।


