Chandauli News: सीएनजी कंटेनर और बाइक की आमने-सामने टक्कर, सोनभद्र के बाइक सवार की मौत.
"Story Intro : चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। सीएनजी कंटेनर से टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में पकड़ लिया।"
chandauli
9:49 PM, Sep 28, 2026
Share:


नौगढ़ पुलिस की कब्जे में सीएनजी ट्रक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : लकी केसरी, नौगढ़, चंदौली.
चंदौली। नौगढ़ थाना क्षेत्र के जयमोहनी पोस्ता के पास सोमवार शाम नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर सीएनजी कंटेनर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय सीताराम बिना पुत्र बड्डू, निवासी औरहवा, जनपद सोनभद्र, गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि सीताराम नौगढ़ क्षेत्र में रिश्तेदारी में आए हुए थे और सोमवार शाम करीब पांच बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से नौगढ़ स्थित रिलायंस कंपनी में सीएनजी गैस लेने जा रहे कंटेनर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि सीताराम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना देखकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल सीताराम को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सक चंद्र कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
हादसे की जानकारी पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं पुलिस ने हादसे के बाद कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल सीएनजी कंटेनर को पकड़ लिया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



