Chandauli News: हाईटेंशन तार टूटकर टीनशेड पर गिरा, करंट से 14 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से झुलसी.
"भटपुरवा गांव में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर घर के टीनशेड पर गिर गया। करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई।"
chandauli
9:04 PM, Jul 19, 2026
Share:


संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती घायल किशोरी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया, चंदौली.
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के बरहुआं ग्रामसभा के भटपुरवा गांव में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर एक मकान के टीनशेड पर गिर गया। करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय सम्या मौर्य गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने उसे तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय, चकिया में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के अनुसार भटपुरवा निवासी नरसिंह मौर्य की पुत्री सम्या सुबह घर के आंगन में घरेलू कार्य कर रही थी। तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार टूटकर टीनशेड पर गिर गया। टीनशेड में करंट उतरते ही सम्या उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि चकिया फीडर से सैदूपुर बाजार और आसपास के गांवों को जाने वाली 11 हजार वोल्ट की लाइन लंबे समय से जर्जर है। कई स्थानों पर तार मकानों के ऊपर से गुजर रहे हैं और शिकायत के बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जर्जर लाइन नहीं बदली गई और घरों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
