Chandauli News: गार्ड की मौत के बाद शव रखकर हाईवे जाम, 23 नामजद समेत 110-115 पर मुकदमा.
“न्यू महाल में निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आलूमिल के पास शव रखकर हाईवे जाम कर दिया था। अब पुलिस ने 23 नामजद समेत 110-115 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।”
chandauli
7:59 PM, Oct 6, 2026
Share:


सड़क जाम कि सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ और अलीनगर पुलिस
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के न्यू महाल स्थित निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शव रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के मामले में अलीनगर पुलिस ने 23 नामजद समेत करीब 110-115 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर की शाम आलूमिल के पास मुगलसराय-चकिया मार्ग को बांस-बल्ली लगाकर पूरी तरह बाधित कर दिया गया था। जाम में एंबुलेंस समेत आमजन के वाहन फंस गए थे।
जानकारी के अनुसार, न्यू महाल स्थित निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड के रूप में कार्यरत युवक रविवार देर शाम गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। परिजनों के अनुसार उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन मौत की परिस्थितियों को लेकर अज्ञात लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे थे।सोमवार को शव घर पहुंचने के बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर आलूमिल के पास पहुंच गए और मुगलसराय से चकिया जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर बांस-बल्ली लगा दी। पुलिस के अनुसार करीब 130 से 140 लोग सड़क की दोनों लेन पर मौजूद होकर नारेबाजी कर रहे थे। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और एंबुलेंस समेत आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
विज्ञापन
सूचना पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार भीड़ दोबारा उग्र होकर नारेबाजी करने लगी। इसके बाद एसडीएम और सीओ पीडीडीयू नगर मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद जाम खुलवाया गया और यातायात सुचारु कराया गया। सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुनवासी चौहान, निवासी वार्ड नंबर-3 आलूमिल, थाना अलीनगर की 5 अक्टूबर को आकस्मिक मृत्यु हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए थे। इसके बाद आसपास के लोगों ने शव को मुगलसराय-चकिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर बांस-बल्ली लगाकर जाम कर दिया। इससे आम जनजीवन और आवागमन प्रभावित हुआ तथा एंबुलेंस जैसी सेवाएं भी रुक गईं।
इस मामले में अलीनगर थाने पर उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव की तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 0618/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 285, 126(2), 189(2) बीएनएस और धारा 7 आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम, 1932 के तहत 23 नामजद तथा करीब 110-115 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। वहीं गार्ड की मौत के संबंध में परिजनों की ओर से अज्ञात लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत की परिस्थितियों और तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


