Chandauli News: ओवरब्रिज पर खड़े ट्रेलर से टकराई हाईवा ट्रक, चालक की मौत.
“बिछिया ओवरब्रिज पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में हाईवा चालक की मौत और खलासी के गंभीर रूप से घायल होने के बाद पुलिस हादसे की वजह की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि चालक सड़क पर खड़े ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका, जिसके चलते तेज रफ्तार हाईवा सीधे उसमें जा घुसी।”
chandauli
6:55 PM, Jul 16, 2026
Share:


बिछिया ओवरब्रिज पर हादसे के बाद चकनाचूर हाईवा ट्रक का केबिन,
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: ओपी श्रीवास्तव, जिला मुख्यालय, चंदौली.
चंदौली। जनपद के बिछिया स्थित विकास भवन के सामने ओवरब्रिज पर गुरुवार तड़के करीब चार बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक हाईवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। बिहार से वाराणसी जा रहा हाईवा पहले से खड़े ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया।
जानकारी के अनुसार, बिहार के न्यासीगंज से वाराणसी की ओर जा रहा हाईवा ट्रक ओवरब्रिज पर पहले से खड़े ट्रेलर से जा भिड़ा। हादसे में चालक राजू यादव (30 वर्ष) पुत्र जनार्दन यादव, निवासी ग्राम कुम्हौरा, थाना दिनारा, जिला रोहतास (बिहार) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। केबिन पूरी तरह दब जाने के कारण शव निकालना बेहद मुश्किल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो क्रेनों की मदद से केबिन को दोनों ओर से खिंचवाया और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक का शव बाहर निकाला। वहीं ट्रक का हेल्पर गोलू यादव (17 वर्ष) पुत्र राजेंद्र यादव, निवासी रोहतास (बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
विज्ञापन
दुर्घटना के चलते कुछ समय तक ओवरब्रिज पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सदर कोतवाली पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि चालक सड़क पर खड़े ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका, जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
