Chandauli News : 11 साल से फरार 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, चर्चित पीयूष भारूका अपहरणकांड में था वांछित.
“मुगलसराय पुलिस ने 11 साल से फरार 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर दिलीप कुमार कुशवाहा को बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी 2015 के चर्चित पीयूष भारूका अपहरणकांड में वांछित था।”
chandauli
9:48 AM, Aug 21, 2026
Share:


मुग़लसराय कोतवाली पुलिस कि गिरफ्त में आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से 11 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर दिलीप कुमार कुशवाहा उर्फ छोटू को बिहार के दानापुर, पटना से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2015 में हुए पीयूष भारूका अपहरण और फिरौती मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ चंदौली, बिहार और झारखंड में अपहरण समेत कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इस अपहरण कांड में शामिल तंजीम, कमर रजा, रेनू सिंह और प्रमोद कुमार कुशवाहा सहित अन्य आरोपी इस मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस अब गिरफ्तार दिलीप कुमार कुशवाहा के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
2015 में घर से निकला था पीयूष, स्कूटी लावारिस मिली
13 जनवरी 2015 को मुगलसराय के मैनाताली निवासी पवन कुमार भारूका का 24 वर्षीय पुत्र पीयूष भारूका सुबह घर से निकला था। बाद में उसकी स्कूटी केंद्रीय विद्यालय मानसनगर के गेट के पास चाबी लगी अवस्था में लावारिस मिली। 16 जनवरी को पीयूष के मोबाइल नंबर से उसके पिता के मोबाइल पर फिरौती के लिए फोन आया। बदमाशों ने पीयूष को सुरक्षित छोड़ने के बदले रुपये की मांग की और जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी ने पीयूष की सकुशल बरामदगी के लिए चंदौली पुलिस के साथ एसटीएफ से भी संपर्क किया था। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पीयूष भारूका को सकुशल बरामद कर लिया गया था। इस दौरान अपहरणकर्ता लगातार पीयूष के पिता को फोन कर फिरौती की मांग करते रहे थे।
विज्ञापन
पुलिस की कार्रवाई में पांच आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया। मामले में विवेचना पूरी होने के बाद आरोप पत्र भी न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है। पुलिस कार्रवाई के दौरान तत्कालीन पुलिस टीम से जुड़े एक सब इंस्पेक्टर साजिद सिद्दीकी की कथित लापरवाही का भी मामला सामने आया था। पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान पीयूष की जान पर खतरा पैदा हो गया था और अपहरणकर्ता फिरौती की रकम लेकर भागने में सफल हुए थे। हालांकि बाद में चंदौली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पीयूष को सकुशल बरामद कर लिया गया था।
दानापुर से पकड़ा गया 50 हजार का इनामी
मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सर्विलांस टीम की मदद से मुखबिर की सूचना पर 19 अगस्त 2026 को दिलीप कुमार कुशवाहा उर्फ छोटू को दानापुर, पटना से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ग्राम बनखड़ा, थाना राजापाकर, जिला वैशाली, बिहार का निवासी है और उसकी उम्र करीब 51 वर्ष है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दिलीप के खिलाफ चंदौली के अलावा वैशाली, हाजीपुर, रांची, नालंदा, चांडिल और पटना में अपहरण, आपराधिक षड्यंत्र, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और पुलिस कार्रवाई से संबंधित कुल नौ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें वर्ष 2015 का मुगलसराय का पीयूष भारूका अपहरणकांड भी शामिल है।
