Chandauli News: भीषण सड़क हादसा,दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत, दो गंभीर.
"इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर नियंत्रण के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।"
chandauli
11:37 PM, Apr 10, 2026
Share:


संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया में घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो, (चंदौली).
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के बैरी गांव के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। आमने-सामने हुई दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार युवक दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बैरी गांव के समीप अचानक दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर ही अंश पटेल (निवासी मैनपुर) व सूरज गोंड़ (निवासी बिसौराकला, मिर्जापुर) की जान चली गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार अनुराग (रामपुर कला) और श्लोक (बैरी कला) गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर नियंत्रण के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
