Chandauli News: RPF SIB इंस्पेक्टर के रेलवे क्वार्टर में भीषण चोरी, तीन लाख के जेवर और सामान पर चोरों ने किया हाथ साफ.
“मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में चोरों ने आरपीएफ एसआईबी इंस्पेक्टर के रेलवे क्वार्टर को निशाना बनाकर करीब तीन लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश है। एक महीने के भीतर रेलवे कॉलोनी में लगातार चोरी की घटनाओं से रेलवे चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।”
chandauli
5:13 PM, Aug 26, 2026
Share:


घटना की सूचना पर पहुंचे पुलिस को घटनाक्रम दिखाते आरपीएफ एसआईबी इंस्पेक्टर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार हो रही वारदातों के बीच चोरों ने इस बार रेलवे खुफिया विभाग यानी आरपीएफ एसआईबी के प्रभारी निरीक्षक के क्वार्टर को ही निशाना बना दिया। रेलवे कॉलोनी स्थित क्वार्टर नंबर 1610 सीडी का सीढ़ी की ओर लगा दरवाजा तोड़कर चोर घर के अंदर दाखिल हुए और करीब तीन लाख रुपये कीमत के जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और कॉलोनीवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ एसआईबी में प्रभारी निरीक्षक पद पर तैनात संदीप कुमार जायसवाल अपने घर पर रुद्राभिषेक पूजा के लिए दो-तीन दिन की छुट्टी लेकर परिवार के साथ गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद रेलवे क्वार्टर को निशाना बनाया। पड़ोसी ने क्वार्टर का दरवाजा टूटा हुआ देखा तो फोन कर इंस्पेक्टर को चोरी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही संदीप कुमार जायसवाल वापस क्वार्टर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए चोरी के साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पीड़ित आरपीएफ एसआईबी इंस्पेक्टर संदीप कुमार जायसवाल ने बताया कि वह रुद्राभिषेक के लिए दो-तीन दिन की छुट्टी लेकर घर गए थे। इसी दौरान पड़ोसी से रात में सूचना मिली कि क्वार्टर का दरवाजा टूटा हुआ है। क्वार्टर पहुंचने पर जांच की तो एक सांकल, दो अंगूठियां, गैस सिलेंडर और टीवी समेत अन्य सामान गायब मिला। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये है। उन्होंने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
विज्ञापन
वहीं रेलवे कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत रेलवे पुलिस चौकी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे कॉलोनी में पुलिस की गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण चोर लगातार रेलवे क्वार्टरों को निशाना बना रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक महीने के भीतर रेलवे कॉलोनी में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी बड़ी चोरी का खुलासा नहीं हो सका है। इस स्थिति को लेकर रेलवे कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश है। पीड़ित इंस्पेक्टर ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा किया जाए और चोरी गया सामान बरामद करने के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर चोरों की तलाश की जा रही है। लगातार हो रही घटनाओं के बीच अब रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर उठ रहे सवालों का जवाब कार्रवाई से ही मिल सकेगा।
