Chandauli News: भीषण आग से मचा हड़कंप, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख.
"घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।"
chandauli
7:52 PM, May 20, 2026
Share:


आग बुझाते फायर ब्रिगेड के जवान, सामान बढ़ाने का प्रयास करते ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के कवई पहाड़पुर गांव स्थित गैस गोदाम के पास बुधवार दोपहर करीब तीन बजे एक मड़ई में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली, गृहस्थी का सामान व पशुओं के लिए रखा पुआल जलकर राख हो गया। घटना में पांच लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कवई पहाड़पुर गांव निवासी राम परीक्षा यादव भारत गैस एजेंसी के बगल में रहते हैं और खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। खेती और ट्रैक्टर से जुताई ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। बुधवार दोपहर अचानक लगी आग ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। आग की लपटों ने मड़ई के साथ-साथ बगल में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली, घर का सामान और करीब डेढ़ बीघा पुआल को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही गांव के लोग बाल्टी और लोटा लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी।
विज्ञापन
कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।



