Chandauli News: ऑनलाइन फ्रॉड से बचना है तो जान लीजिए ये जरूरी बातें, NIC का जागरूकता अभियान.
"एनआईसी चंदौली ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज को भी सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करें।"
chandauli
5:31 PM, Feb 10, 2026
Share:


राजकीय पॉलिटेक्निक चंदौली परिसर में आयोजित सुरक्षित इंटरनेट दिवस कार्यक्रम में शामिल होते अपर जिलाधिकारी डीपीआरओ व अन्य अधिकारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) चंदौली की ओर से साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क करने के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार और राजकीय पॉलिटेक्निक चंदौली परिसर में किया गया, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान एनआईसी के तकनीकी विशेषज्ञों ने डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को मालवेयर, स्पायवेयर, फिशिंग लिंक, ओटीपी ठगी, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग जैसे खतरों के प्रति सतर्क किया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक विवरण या निजी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक व एप्लिकेशन से दूरी बनाए रखें। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आर्थिक नुकसान को रोका जा सके। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति अनजाने में किसी साइबर गतिविधि से जुड़ जाता है, तो घबराने के बजाय संबंधित प्राधिकरण से संपर्क कर विधिक प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखें।
विज्ञापन
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग का संकल्प दिलाया गया और साइबर सुरक्षा से जुड़ी जागरूकता सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मोहम्मद सोराका, सहायक जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एनआईसी चंदौली ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज को भी सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करें।
