Chandauli News: बाहर से आ रहे सैलानियों से जंगल की जमीन में स्टैंड बनाकर अवैध वसूली.
Chandauli News: बाहर से आ रहे सैलानियों से जंगल की जमीन में स्टैंड बनाकर अवैध वसूली.
chandauli
12:00 AM, Aug 3, 2025
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया तहसील.
चंदौली। चकिया तहसील क्षेत्र के लतीफशाह बांध की मनोहारी वादियों और प्राकृतिक छटा को देखने के लिए इन दिनों सैलानियों की भारी भीड़ जुट रही है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस का पहरा भी लगाया गया है। रविवार को भारी भीड़ को देखते हुए गांधीनगर में बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। इसका नाजायज फायदा उठाते हुए कुछ स्थानीय लोग अस्थाई स्टैंड बनाकर वाहनों से अवैध वसूली कर रहे हैं और ई-रिक्शा में यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर बांध तक पहुंचा रहे हैं, जो दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।
बता दें कि लतीफशाह बांध पर घूमने आने वाले सैलानियों को बांध से दूर रहकर ही प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद कुछ सैलानी चोरी-छिपे नहाने के लिए बांध में उतर रहे थे, जिससे डूबने की घटनाएं हुईं और कई लोगों की जान गई।
इसके बाद स्थानीय प्रशासन सख्त हो गया है। लेकिन कुछ स्थानीय लोग प्रशासन की सख्ती का गलत फायदा उठाते हुए बैरिकेडिंग के पास जंगल की भूमि में, प्राथमिक विद्यालय के पास अस्थाई स्टैंड बनाकर चार पहिया वाहनों से 50, टैंपो से 30 और दो पहिया वाहनों से ₹20 वसूल रहे थे।
विज्ञापन
इतना ही नहीं, वाहनों के रोकने के बाद कुछ लोग ई-रिक्शा में यात्रियों को भूसे की तरह ठूंस-ठूंस कर बांध तक पहुंचा रहे थे। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जब गांधीनगर बैरिकेडिंग पर सैदूपुर पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाकर दो पहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी, तब कुछ लोगों के ई-रिक्शा किस तरह सवारियों को बांध तक पहुंचा रहे थे।
क्या इनके लिए प्रशासन का कोई कानून नहीं है? केवल बाहर से आने वाले सैलानियों के लिए ही रोक क्यों लगाई गई है? इसके अलावा, जब यहां कभी कोई स्टैंड नहीं था और वन विभाग की जमीन खाली पड़ी है, तब कुछ लोगों को वहां वाहन खड़ा करने पर पैसा वसूलने की अनुमति किसने दी?
ये सभी बातें दिनभर चर्चा का विषय बनी रहीं। क्षेत्रीय लोगों ने चकिया तहसील प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए बाहर से आने वाले सैलानियों से अवैध वसूली और मनमाने कार्य करने वालों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।



