Chandauli News: सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, गोपियों के निस्वार्थ प्रेम का प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु.
“चंदौली के माधोपुर गांव में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथावाचिका पंडित गौरांगी गौरी ने भगवान श्रीकृष्ण और गोपियों के निस्वार्थ प्रेम का प्रसंग सुनाते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, समर्पण और सद्कर्म का संदेश दिया। आयोजन में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।”
chandauli
11:42 AM, Nov 27, 2026
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धीना क्षेत्र के माधोपुर गांव में गुरुवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भक्तिमय माहौल में हुआ। कथा के पहले दिन सुबह पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक ने सपरिवार ब्राह्मणों को भोजन कराया। इसके बाद अपने पिता स्वर्गीय रामअवध सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कथा पंडाल में कथावाचिका पंडित गौरांगी गौरी ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के साथ कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को आध्यात्मिक चेतना प्रदान करने के साथ जन्म-मृत्यु के चक्र से मुक्ति का मार्ग दिखाती है। मनुष्य को अहंकार त्यागकर भक्ति और सद्कर्म के रास्ते पर चलना चाहिए। कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के पेट दर्द और गोपियों के निस्वार्थ प्रेम का प्रसंग सुनाया। बताया कि भगवान की पीड़ा दूर करने के लिए जब नारद मुनि गोपियों के पास पहुंचे और उनके चरणों की धूल मांगी तो गोपियों ने बिना संकोच अपनी धूल देने की सहमति दे दी। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने समझाया कि सच्चा प्रेम और भक्ति निस्वार्थ समर्पण का भाव सिखाते हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपनी आंखों, कानों, हाथों और मस्तिष्क का सदुपयोग करना चाहिए। शुद्ध मन से भागवत कथा का श्रवण करने से मन की बुराइयां दूर होती हैं और व्यक्ति सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित होता है। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पंडाल गूंजता रहा। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भी सपरिवार श्रद्धालुओं के बीच बैठकर कथा का श्रवण किया। इस मौके पर एमएलसी विनीत सिंह, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, उपेंद्र सिंह गुड्डू, रामजन्म यादव, इमरान खान, धर्मराज सिंह, नागेंद्र सिंह, अनुज सिंह, अमित सिंह, रमेश यादव, इंद्रजीत सिंह, बाला सिंह और रजनीश सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


