Chandauli News: विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी, मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका.
“चंदौली के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पौनी गांव में 33 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने पंखे से लटककर आत्महत्या की बात कही है, जबकि मायके वालों ने घटना पर सवाल उठाते हुए मौत को संदिग्ध बताया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।”
chandauli
11:46 AM, Nov 27, 2026
Share:


मृतका की फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पुनवासी यादव, सकलडीहा, चंदौली.
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पौनी गांव में बुधवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता ने पंखे से लटककर आत्महत्या की है। वहीं, मायके वालों ने मौत पर संदेह जताते हुए कई सवाल उठाए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की।
खोर गांव निवासी डॉ. रामदास राजभर की सबसे छोटी बेटी कविता राजभर (33) की शादी वर्ष 2013 में पौनी गांव निवासी बद्री राजभर के बेटे सुरजीत राय से हुई थी। कविता के दो बेटे आदित्य (12) और कार्तिक (8) हैं।मायके पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल वालों ने उन्हें इसकी सूचना नहीं दी। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग घटना को लेकर अलग-अलग बातें बता रहे हैं। जिस साड़ी से आत्महत्या किए जाने की बात कही जा रही है, वह कविता ने पहन रखी थी। इसके अलावा पंखे और बेड की ऊंचाई में ज्यादा अंतर नहीं होने को लेकर भी मायके वालों ने सवाल उठाए हैं।
विज्ञापन
मायके पक्ष ने सवाल किया कि यदि कविता पंखे से लटकी मिली थी तो उन्हें नीचे क्यों उतारा गया और तत्काल पुलिस व मायके वालों को सूचना क्यों नहीं दी गई। इन्हीं परिस्थितियों के चलते उन्होंने मौत को संदिग्ध बताया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर जांच कराई गई है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


