Chandauli News: भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने की पहल, 30 हजार उपभोक्ताओं को राहत.
"विद्युत विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ती है, तो जरूरत के अनुसार अन्य तकनीकी उपाय भी किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिलती रहे।"
chandauli
7:26 PM, Apr 29, 2026
Share:


कूलर लगाकर ट्रांसफार्मर को दी जा रही ठंडी हवा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली खपत को देखते हुए बिजली विभाग ने नई पहल शुरू की है। चंदासी स्थित सबस्टेशन पर लगे 10 एमवीए के ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए आठ कूलर लगाए गए हैं, जिससे करीब 30 हजार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
भीषण गर्मी और हीटवेव के चलते जिले में तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके कारण एसी, कूलर और फ्रिज जैसे उपकरणों के इस्तेमाल में बढ़ोतरी हुई है, जिससे बिजली की मांग तेजी से बढ़ी है। बढ़े हुए लोड के चलते ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ने के साथ ओवरहीटिंग की समस्या सामने आ रही थी।
विज्ञापन
इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ मनोज कुमार कश्यप ने बताया कि अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मरों के ऑयल और वाइंडिंग का तापमान काफी बढ़ जाता है, जिससे उनके खराब होने का खतरा रहता है। कूलर लगाए जाने से तापमान नियंत्रित रहेगा और ट्रिपिंग व बिजली कटौती की समस्या में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि कूलर ट्रांसफार्मरों के आसपास ठंडी हवा का प्रवाह बनाए रखते हैं, जिससे ओवरहीटिंग की समस्या कम होती है और बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहती है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ती है, तो जरूरत के अनुसार अन्य तकनीकी उपाय भी किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिलती रहे।
