Chandauli News: पशु आश्रय केंद्रों पर ठंड से बचाव के लिए समुचित व्यवस्था के निर्देश.
"सकलडीहा एसडीएम कुंदन राज कपूर ने चहनिया क्षेत्र के पपौरा, धानापुर विकास खंड के नेकनामपुर पशु आश्रय केंद्र तथा सदलपुरा सहित अन्य केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में कुल 133 पशु संरक्षित पाए गए, जिनमें दो पशु बीमार थे। बीमार पशुओं को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाकर उनके उपचार के निर्देश दिए"
chandauli
10:03 PM, Dec 23, 2025
Share:


पशु आश्रय केंद्र का निरीक्षण करते हुए एसडीएम कुंदन राज कपूर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा.
चंदौली। ठंड और गलन के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सकलडीहा एसडीएम कुंदन राज कपूर ने मंगलवार को सकलडीहा क्षेत्र के विभिन्न पशु आश्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पशुओं की संख्या, चारे–पानी की उपलब्धता और ठंड से बचाव के इंतजामों की जानकारी ली। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
सकलडीहा एसडीएम कुंदन राज कपूर ने चहनिया क्षेत्र के पपौरा, धानापुर विकास खंड के नेकनामपुर पशु आश्रय केंद्र तथा सदलपुरा सहित अन्य केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में कुल 133 पशु संरक्षित पाए गए, जिनमें दो पशु बीमार थे। बीमार पशुओं को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाकर उनके उपचार के निर्देश दिए।निरीक्षण में चारे और पानी की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पशु आश्रय केंद्र में 70 कुंतल भूसा भंडारित है।
विज्ञापन
एसडीएम ने ठंड से बचाव के लिए पशुओं को काऊ कोट पहनाने, अलाव की व्यवस्था लगातार बनाए रखने तथा परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मृत पशुओं का निस्तारण केंद्र परिसर से बाहर करने को भी कहा गया। निरीक्षण के दौरान पशु आश्रय केंद्र में कार्यरत पशुपालकों ने बीते दो माह से मानदेय न मिलने की शिकायत की। इस पर एसडीएम ने शीघ्र मानदेय भुगतान कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के उपरांत एसडीएम कुंदन राज कपूर एवं तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव ने तहसील परिसर में जरूरतमंद गरीबों को कंबल वितरित किए। एसडीएम ने बताया कि वर्तमान में ठंड और गलन काफी बढ़ गई है, ऐसे में पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पशु आश्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इस अवसर पर तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद, दिनेश शुक्ल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



