Chandauli News: नेशनल हाइवे पर महिला का भेष बनाकर लूट करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार.
"सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी उपेंद्र यादव के खिलाफ बिहार में लूट, आर्म्स एक्ट और रेलवे एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।"
chandauli
11:16 AM, May 18, 2026
Share:


एनकाउंटर में घायल बदमाश को अस्पताल ले जाती पुलिस
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हाईवे पर सक्रिय अंतर्राज्यीय लूट गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश घायल हो गया, जबकि कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नगदी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार 17 मई को अमेठी निवासी ज्ञानेन्द्र तिवारी ने चंदौली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वाराणसी से बिहार जाते समय भगवानपुर नहर के पास चार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवाकर मारपीट की और 42 हजार रुपये नगद लूट लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम लगातार गिरोह की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान रविवार की देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि लूटपाट करने वाला गिरोह भगवान तालाब के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बिहार के मोहनिया निवासी उपेंद्र यादव के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और 2045 रुपये नगद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। बदमाश सुनसान हाईवे पर राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाते थे। वाहन रुकवाने के लिए कभी महिला का भेष धारण करते थे तो कभी मदद मांगने या रास्ता पूछने का बहाना बनाते थे। जैसे ही चालक वाहन रोकता, गिरोह के सदस्य मारपीट कर नगदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे।
विज्ञापन
अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि भगवानपुर नहर के पास हुई 42 हजार रुपये की लूट में भी वही लोग शामिल थे। पुलिस के मुताबिक लूट की रकम आपस में बांट ली जाती थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदलते रहते थे। गिरफ्तार आरोपियों में उपेंद्र यादव निवासी मोहनिया बिहार, मंजय कुमार निवासी दुधारी सैयदराजा, बहादुर ठठेरा निवासी लोहिया नगर सैयदराजा तथा मुस्तफा निवासी आजाद नगर सैयदराजा शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी उपेंद्र यादव के खिलाफ बिहार में लूट, आर्म्स एक्ट और रेलवे एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
