Chandauli News: शराब तस्करों को चोरी की बाइक बेचने वाले अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार.
"पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि बरामद वाहनों में स्प्लेंडर, प्लेटिना और पल्सर समेत कुल छह मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि गिरोह के खुलासे से वाहन चोरी की कई अन्य घटनाओं का भी पर्दाफाश हो सकता है।"
chandauli
8:01 PM, Jun 7, 2026
Share:


सदर कोतवाली पुलिस के गिरफ्त में आरोपी बाइक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। चंदौली पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चंदौली पुलिस ने पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह जनपद के अस्पतालों, कचहरी, बाजारों और रेलवे स्टेशनों की रेकी कर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान सदर कोतवाली की नवही गांव के पास धरौली-बिहार मार्ग पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान बिहार के कैमूर जनपद निवासी छबीले राजभर और अभिषेक कुमार उर्फ फौजी के रूप में हुई। जांच में दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की निकलीं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने नवीन मंडी और नवही मार्ग पर घेराबंदी कर तीन अन्य आरोपियों शुभम कुमार, विशाल राय और राहुल राय को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से बरामद मोटरसाइकिलों का सत्यापन करने पर कई वाहन चंदौली, सैयदराजा और सकलडीहा क्षेत्रों से चोरी किए गए पाए गए। आरोपियों की निशानदेही पर मझवार रेलवे स्टेशन परिसर से एक अतिरिक्त चोरी की बाइक भी बरामद की गई।
विज्ञापन
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों, अस्पतालों, कचहरी परिसर, बाजारों और रेलवे स्टेशनों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर बाइक चोरी कर उनकी नंबर प्लेट बदल देते थे या हटा देते थे। इसके बाद चोरी के वाहनों को बिहार में शराब तस्करों को बेच दिया जाता था। तस्कर इन वाहनों का उपयोग अवैध गतिविधियों में करते थे और पकड़े जाने पर उन्हें छोड़कर फरार हो जाते थे।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
