Chandauli News : बंद घर से 1.60 लाख नकदी समेत लाखों के जेवर चोरी, असलहे के साथ CCTV में दिखे चोर.
“धानापुर के बिरना गांव में बंद घर का ताला तोड़कर चोर 1.60 लाख रुपये नकद और लाखों के जेवर चोरी कर ले गए। चोरी की घटना CCTV में कैद हुई है, जिसमें संदिग्ध चोर असलहा लिए नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में नाराजगी है।”
chandauli
9:31 PM, Oct 1, 2026
Share:


सीसीटीवी में कैद चोर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के बिरना गांव में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए 1 लाख 60 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी की पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध चोर असलहा लिए नजर आ रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा है।
बिरना गांव निवासी भानु मौर्य का नया मकान है। मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है। परिवार रात में पुराने मकान में सोने चला जाता था। बुधवार रात भी परिवार पुराने घर में था। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान का फायदा उठाया और अंदर घुसकर नकदी व आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। गुरुवार सुबह परिजन नए मकान पर पहुंचे तो कमरे का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर घर से 1 लाख 60 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी समेत अन्य आभूषण गायब मिले। पीड़ित परिवार ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
धानापुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र में चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक कई मामलों का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।कुछ दिन पहले धानापुर ब्लॉक मुख्यालय के पास हनुमान मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी हुआ था। वहीं नरौली काली मंदिर से करीब 20 किलो का घंटा और चांदी की आंखें चोरी होने की घटना भी सामने आई थी। इन घटनाओं के बाद अब बिरना गांव में बड़ी चोरी ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


