Chandauli News: अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025 में जेएस पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, 40 छात्रों ने जीते पदक.
"विद्यालय के संरक्षक डॉ. विधुभूषण सिंह, प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य रजनीश सिंह ने सभी छात्रों और शिक्षकों को इस सफलता पर बधाई दी। प्रधानाचार्य ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।"
chandauli
9:47 AM, Feb 5, 2026
Share:


दिल्ली में आयोजित ओलंपियाड में पुरस्कार लेते जेएस पब्लिक स्कूल के छात्र
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By:पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। हिन्दी विकास संस्थान, दिल्ली द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025 में जेएस पब्लिक स्कूल के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय के कुल 107 प्रतिभागियों में से 40 छात्र-छात्राओं ने गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
अगस्त 2025 में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। जेएस पब्लिक स्कूल से कुल 15 छात्रों ने गोल्ड मेडल, 17 ने सिल्वर और 8 छात्रों ने कांस्य पदक प्राप्त किया। गोल्ड मेडल विजेताओं में कक्षा 1 से रणविजय, कक्षा 2 से विधि मिश्रा व शिवानी, कक्षा 3 से मुहम्मद अरहम व प्रांजल यादव, कक्षा 4 से वेदांश, कक्षा 5 से रिद्धिमा सिंह, कक्षा 6 से अस्मिता गुप्ता, कक्षा 7 से साक्षी जायसवाल, कक्षा 8 से प्रिया सिंह, कक्षा 9 से काव्यांश गिरी, कक्षा 10 से अरुणिमा प्रकाश, कक्षा 11 से प्रीतिका पटेल तथा कक्षा 12 से आकृति कुमारी और सुयश मिश्रा शामिल हैं।
इन 40 मेडल विजेताओं में से कक्षा 3 के मुहम्मद अरहम और कक्षा 9 के काव्यांश गिरी को हिंदी विकास संस्थान द्वारा विशेष योग्यता पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। दोनों छात्रों को 30 जनवरी 2026 को दिल्ली स्थित तीन मूर्ति भवन प्रधानमंत्री संग्रहालय के सभागार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मान समारोह में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें उनके शिक्षक प्रमोद कुमार चतुर्वेदी और अभिभावकों के साथ मंच पर सम्मान प्राप्त हुआ।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुहम्मद अरहम को गोल्ड मेडल, हिंदी बाल श्रेष्ठ सम्मान और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, जबकि काव्यांश गिरी को गोल्ड मेडल, राष्ट्रीय हिंदी प्रतिभा सम्मान, प्रशस्ति पत्र के साथ नगद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। छात्रों की इस उपलब्धि से जेएस पब्लिक स्कूल सहित पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। विद्यालय अपने अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए जाना जाता है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले किसान और मजदूर वर्ग के बच्चों को भी विद्यालय निरंतर शैक्षिक, बौद्धिक और मानसिक विकास के अवसर प्रदान कर रहा है।
