Chandauli News: डीडीयू जंक्शन पर 6 माह बाद कूड़ा बीनते मिला अपहृत नाबालिग, परिजनों को सौंपा गया नाबालिग.
"डीडीयू जीआरपी प्रभारी ने बताया कि इस तरह की कोई औपचारिक जानकारी उनके संज्ञान में नहीं आई है, लेकिन यदि संबंधित थाने द्वारा कार्रवाई की जाती है तो हर संभव सहयोग दिया जाएगा।"
chandauli
9:34 PM, Mar 27, 2026
Share:


डीडीयू जंक्शन पर बच्चों को परिजनों को सौंपते चाइल्डलाइन के लोग
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। डीडीयू जंक्शन व आसपास क्षेत्रों में बीते छह माह से लापता एक नाबालिग बालक रेलवे स्टेशन पर कूड़ा-करकट बीनते हुए मिला। रेलवे चाइल्ड लाइन की सतर्कता से बालक को सुरक्षित रेस्क्यू कर परिजनों से मिलाया गया। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के बक्सर जनपद के चौसा थाना क्षेत्र निवासी 11 वर्षीय आशीष छह माह पूर्व रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। परिजनों का आरोप है कि एक महिला ने नशीला पदार्थ सुंघाकर उसका अपहरण कर लिया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब बालक का पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। नाबालिग आशीष ने बताया कि उसे बहला-फुसलाकर मुगलसराय लाया गया, जहां उसे नशे की हालत में रखकर इधर-उधर काम कराया जाता था। धीरे-धीरे महिला ने उसे अपने प्रभाव में लेकर खुद को उसकी मां बताना शुरू कर दिया। इसी दौरान वह स्टेशन क्षेत्र में कूड़ा बीनने लगा।
विज्ञापन
रेलवे चाइल्ड लाइन के केस वर्कर की नजर पड़ने पर 24 मार्च को उसे रेस्क्यू किया गया। पूछताछ के बाद जीआरपी में जीडी दर्ज कराते हुए बालक को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आदेश के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले के सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में नाबालिग बच्चों के शोषण और अवैध गतिविधियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्टेशन परिसर व आसपास के झोपड़पट्टियों और होटलों में नियमित जांच हो, तो ऐसे कई मामले उजागर हो सकते हैं।
