Chandauli News: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत, चालक की तलाश में जुटी पुलिस.
“सकलडीहा में रविवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक मजदूर की जान ले ली। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक और ट्रैक्टर की तलाश में जुटी है।”
chandauli
7:47 PM, Aug 16, 2026
Share:


मृतक रामकवल राजभर की फाइल फोटो।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पुनवासी यादव, सकलडीहा, चंदौली.
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के टिमिलपुर स्थित डाकघर के समीप रविवार सुबह करीब नौ बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से 51 वर्षीय मजदूर रामकवल राजभर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कुछ देर मौके पर रुकने के बाद ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर व चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोश जताया।
रामकवल राजभर सकलडीहा कस्बा निवासी स्वर्गीय चरित्र राजभर के पुत्र थे। परिजनों के अनुसार वह रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से चाय पीने के लिए कस्बे में गए थे। चाय पीने के बाद टिमिलपुर स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन कर हाईवे किनारे से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सकलडीहा-अलीनगर तिराहे की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे इंटरलॉकिंग ईंट लदे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामकवल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पत्नी गुलरा देवी, बेटियां रेखा, वंदना और रंजना समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
विज्ञापन
घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और चालक को तत्काल पकड़ने की मांग की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि ट्रैक्टर और चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर एसएसआई वरुणेंद्र राय, अभिमन्यु राय समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
