Chandauli News: सेना के जवान अरविंद मौर्य को नम आंखों से दी गयी अंतिम विदाई.
"जवान अरविन्द कुमार मौर्य का अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।"
chandauli
2:21 PM, Jan 16, 2026
Share:


सेवा के जवान अरविंद मौर्य की पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित करते चकिया विधायक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: रतिश कुमार, शहाबगंज (चंदौली).
चंदौली। शहाबगंज क्षेत्र के वीर सपूत और देश की रक्षा में समर्पित जवान अरविन्द कुमार मौर्य को बुधवार को पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जैसे ही तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। भारत माता की जय और शहीद अरविन्द कुमार मौर्य अमर रहें के नारों से वातावरण गूंज उठा और हर आंख नम हो गई। अंतिम संस्कार के दौरान सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। अनुशासित सैन्य सलामी और शस्त्रों की गर्जना ने मौके पर मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। शहीद के बलिदान पर गर्व और अपार दुख का भाव एक साथ हर चेहरे पर दिखाई दे रहा था।
अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों से भी हजारों लोग पहुंचे। बुजुर्गों की आंखों में आंसू थे, वहीं युवाओं के चेहरों पर देशभक्ति का जोश और सम्मान साफ झलक रहा था। महिलाओं ने रो-रोकर शहीद को अंतिम विदाई दी और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शहीद की मां की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। पिता चन्द्रशेखर उर्फ पारसनाथ मौर्य, पत्नी मुन्नी देवी, पुत्र आरुष और अंश, भाई अनिल मौर्य व बड़ी बहन रेखा मौर्य सहित पूरा परिवार गहरे सदमे में नजर आया। हर किसी की जुबान पर एक ही बात थी—देश ने अपना सच्चा सपूत खो दिया।
विज्ञापन
जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
इस दौरान चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
जवान अरविन्द कुमार मौर्य का अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एड, ब्लॉक प्रमुख शम्भू नाथ यादव, बीडीओ दिनेश सिंह, सपा नेता महेंद्र राव, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शोक में बंद रहा शहाबगंज कस्बा
जैसे ही शहीद का शव शहाबगंज कस्बे में पहुंचा, पूरा कस्बा श्रद्धांजलि देने उमड़ पड़ा। शोक की भावना के चलते कस्बे की अधिकांश दुकानें बंद रहीं और हर ओर मातमी सन्नाटा पसरा रहा।



