Chandauli News: वाल पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपी थी 1.20 करोड़ की शराब, पांच तस्कर गिरफ्तार.
“अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने ट्रक से 775 पेटी यानी करीब 6935 लीटर शराब बरामद करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। शराब को पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर दिल्ली-चंडीगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था।”
chandauli
9:49 PM, Sep 20, 2026
Share:


अलीनगर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने सिंघीताली पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक से करीब 1.20 करोड़ रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 775 पेटी यानी 6935 लीटर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार सिंघीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या UP22AT0085 को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी में 70 बोरी जेके सुपर पुट्टी के नीचे विभिन्न ब्रांडों की शराब छिपाकर रखी मिली। बरामद शराब पर ‘फॉर सेल इन UT चंडीगढ़ ओनली ’ लिखा था और बारकोड खुरचे हुए थे। ट्रक से गुलाम मुस्तफा, शेख खालिद और साबिर आलम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब 500 मीटर आगे काले रंग की ब्रेजा कार चल रही थी, जिसमें सवार लोग पुलिस की लोकेशन दे रहे थे।
विज्ञापन
पुलिस ने कार को भी घेराबंदी कर रोक लिया और उसमें सवार रजाउद्दीन व ओम चिनमय को गिरफ्तार किया। कार से पांच एटीएम कार्ड और 2500 रुपये बरामद हुए।सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने शराब दिल्ली से लोड कर बिहार ले जाने की बात बताई है। बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर ऊंचे दाम पर शराब बेचने की योजना थी। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, शराब के स्रोत और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पांचों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।



