Chandauli News: जिले में फिर सक्रिय हुई ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह, गिरोह का कारनामा आया सामने.
"दूल्हे ने बताया कि शादी के नाम पर हमें पूरी तरह ठग लिया गया, समय रहते मामला सामने आ गया, नहीं तो नुकसान और बड़ा हो सकता था।”
chandauli
10:57 AM, Jan 28, 2026
Share:


लुटेरी दुल्हन के साथ दूल्हा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संतोष, ब्यूरो हेड, पूर्वांचल भास्कर.
चंदौली। जिले में नकली शादी के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। दलालों के इस नेटवर्क द्वारा गरीब परिवारों और विवाह के इच्छुक युवकों को झांसे में लेकर फर्जी शादी कराई जाती है, जिसके बाद दुल्हन के फरार होने का नाटक रचकर मोटी रकम ऐंठ ली जाती है। ताजा मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के काली मंदिर के सामने स्थित वीआईपी गेट का है, जहां शादी के तुरंत बाद ही साजिश का भंडाफोड़ हो गया।
जानकारी के अनुसार मथुरा निवासी एक युवक की शादी चकिया क्षेत्र में कराई गई थी। विवाह के बाद जब दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर मथुरा लौट रहा था, तभी मुगलसराय के वीआईपी गेट पर दुल्हन ने अचानक घर जाने से इनकार कर दिया। दुल्हन के व्यवहार और बार-बार बहाने बनाने से दूल्हे और उसके परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने शादी कराने वाले एजेंट से संपर्क करने का प्रयास किया।
विज्ञापन
इसी दौरान पता चला कि एजेंट 20 हजार रुपये नकद और करीब 80 हजार रुपये के जेवर लेकर फरार हो चुका है। ठगी का एहसास होते ही पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन दोनों को मुगलसराय कोतवाली ले जाकर पूछताछ शुरू की। पुलिस फरार दलाल की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में इस तरह के फर्जी विवाह गिरोह पहले भी सक्रिय रहे हैं। पुलिस ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
