Chandauli News: नहर का कीचड़ गिरने से माधोपुर मार्ग अवरुद्ध, ग्रामीणों में आक्रोश, पूर्व विधायक ने सफाई की टाइमिंग को बताया संदिग्ध.
"पूर्व विधायक ने भरोसा दिलाया कि तेरहवीं के बाद वे पूरे विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे और नहरों व माइनरों की सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कहीं लापरवाही पाई गई तो सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसका खामियाज़ा भुगतना पड़ेगा"
chandauli
10:23 AM, Dec 6, 2025
Share:


कीचड़ से भरे माधोपुर मार्ग पर चलते पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: खुशहाल पठान.
चंदौली। सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने पितृशोक के बाद अपने राजनीतिक व सामाजिक दायित्वों को पुनः संभालते हुए शनिवार को माधोपुर मार्ग पर फैले नहर के मलबे को लेकर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर कड़ी नाराज़गी जताई। उन्होंने नहर सफाई की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक द्वेष की कार्रवाई बताया। वहीं ग्रामीणों ने भी सड़क पर फैले कीचड़ और ठोस मलबे के कारण आवाजाही बाधित होने पर रोष व्यक्त किया।
ग्रामीण बोले, द्वेषवश कराया गया काम, रास्ता पूरी तरह बाधित
ग्रामीणों ने बताया कि माधोपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर नहर की सफाई से निकाला गया कीचड़ और मलबा सीधे सड़क पर डाल दिया गया है। इससे हालत इतनी बदतर हो गई है कि पैदल चलना मुश्किल हो गया है, साइकिल व बाइक फिसल रही हैं और चार पहिया वाहनों का निकलना लगभग असंभव हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि यह कार्य दो-चार दिन बाद भी हो सकता था, इसलिए इसे जानबूझकर द्वेषवश किया गया बताया जा रहा है।
तेरहवीं से ठीक पहले रास्ता बंद, पूर्व विधायक ने जताई नाराज़गी
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि 8 दिसंबर को उनके पैतृक गांव माधोपुर स्थित आवास पर उनके पिता स्वर्गीय रामअवध सिंह की तेरहवीं का कार्यक्रम है। इसी बीच कुछ स्थानीय नेताओं ने जल्दबाज़ी दिखाते हुए नहर की सफाई कराई और उसका मलबा सड़क पर डलवा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। उन्होंने कहा कि ठोस मलबा, झाड़-झंखाड़ और कीचड़ आधी सड़क को ढक चुके हैं। यदि दोनों ओर से चार पहिया वाहन आ जाएं तो निकलना संभव ही नहीं रह गया है।
विज्ञापन
प्रशासन और ठेकेदार पर पूर्व विधायक के आरोप
मनोज सिंह डब्लू ने साफ कहा कि नहर सफाई की टाइमिंग संदिग्ध है और यह सब राजनीतिक द्वेष से प्रेरित लगता है। उन्होंने कार्य कराने वाले ठेकेदार, जिले के अधिकारियों और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि यह स्थिति ग्रामीणों की परेशानी को बढ़ाने वाली है।
8 दिसंबर के बाद विधानसभा दौरे की घोषणा
पूर्व विधायक ने भरोसा दिलाया कि तेरहवीं के बाद वे पूरे विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे और नहरों व माइनरों की सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कहीं लापरवाही पाई गई तो सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसका खामियाज़ा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि “जो कुछ आज हुआ है, उसे ग्रामीणों और किसानों ने स्वयं देखा है। क्षेत्र में इसको लेकर व्यापक आक्रोश है।”



