Chandauli News: अवैध तेल कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, इंडियन ऑयल गेट समेत चार ठिकानों पर छापा.
"अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि मामले में वैज्ञानिक ढंग से जांच की जा रही है। आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही विस्तृत बयान जारी किया जाएगा।"
chandauli
3:48 PM, Feb 27, 2026
Share:


इंस्पेक्टर भैरवनाथ और उनके सहयोगी द्वारा रंगे हाथ टैकर से कटिंग करते पकड़े गए लोग
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो, चंदौली.
चंदौली। एडीजी जोन वाराणसी की स्पेशल टीम ने जिले में अवैध तेल कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडियन ऑयल डिपो गेट, जीटी रोड किनारे स्थित अवैध गोदाम समेत चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में डीजल बरामद किया गया और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान इंडियन ऑयल गेट के पास तेल से भरे टैंकर से अवैध कटिंग करते आधा दर्जन लोग पकड़े गए। वहीं जीटी रोड किनारे करकट से बने एक अस्थायी गोदाम में बड़ी मात्रा में डीजल भंडारित मिला। टीम को मौके से दो छोटी कारों में रखे दर्जनों कैन में भरा करीब एक हजार लीटर डीजल भी मिला। इसके अलावा डीजल से लदे दो टैंकरों को भी कब्जे में लिया गया।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ तेल माफिया मौके से फरार हो गए। हालांकि टीम ने प्रहलाद चौहान, राकेश चौहान, पंकज, असलम, दानिश (निवासी अलीनगर) तथा टैंकर चालक गुड्डू यादव और कमलेश यादव (निवासी जनपद बलिया) को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर भैरवनाथ यादव के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम ने यह छापेमारी की। बरामद दो टैंकर, दो कारें और तेल कटिंग में इस्तेमाल उपकरणों को अलीनगर थाने लाया गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस महकमे में हलचल मच गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर भी अलीनगर थाने पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि मामले में वैज्ञानिक ढंग से जांच की जा रही है। आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही विस्तृत बयान जारी किया जाएगा।
