Chandauli News: मनोज कुमार हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में शूटर के दोनों पैर में लगी गोली.
"पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। घटना के मुख्य साजिशकर्ता और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।"
chandauli
10:33 PM, Jun 7, 2026
Share:


पुलिस मुठभेड़ में घायल शूटर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो चंदौली.
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के टड़ियां-पटपरा मार्ग पर साइकिल सवार मनोज कुमार की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का चंदौली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। थाना अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या में शामिल एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया। हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने के बाद हुई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार 6 जून को चतुर्भुजपुर निवासी मनोज कुमार की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के भाई अशोक कुमार खरवार की तहरीर पर थाना अलीनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस और अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी।जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात में शामिल दोनों शूटर बिहार के निवासी हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने हत्या में शामिल शूटर सूरज उर्फ राजेश यादव निवासी भोजपुर (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद जब पुलिस उसे हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार की बरामदगी के लिए ले गई, तभी उसने पहले से लोडेड पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।
विज्ञापन
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सूरज उर्फ राजेश यादव के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ताओं और एक अन्य फरार शूटर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के पूरे खुलासे और साजिश के पीछे के कारणों की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से साझा की जाएगी।
