Chandauli News: पति के साथ रहने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी विवाहिता, पुलिस ने सुरक्षित उतारा.
"चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
11:12 AM, Jun 16, 2026
Share:


टावर से उतरी विवाहिता कि फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : गोविंद कुमार, चकिया (चंदौली).
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गांव में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता पति के साथ रहने की मांग को लेकर गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। काफी देर तक समझाने-बुझाने और बातचीत के बाद पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विवाहिता को सकुशल टावर से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे आवश्यक पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला और उसका पति मुहम्मदाबाद गांव के एक ही मोहल्ले के निवासी हैं। करीब दो माह पूर्व दोनों ने परिवार की सहमति से प्रेम विवाह किया था। हालांकि विवाह के कुछ समय बाद पारिवारिक विवाद और आपसी मतभेद के चलते दोनों अलग रहने लगे थे। बताया जा रहा है कि विवाहिता पति के साथ रहने की इच्छा जता रही थी और इसी मांग को लेकर उसने विरोध स्वरूप यह कदम उठाया।
विज्ञापन
घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मौके पर मौजूद ग्रामीण भी महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की अपील करते रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों से वार्ता कर मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
