Chandauli News: बाइक हादसे में विवाहिता की मौत, परिवार में मचा कोहराम.
"हादसे के बाद कई वाहन गुजरते रहे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। इसी दौरान मुगलसराय से लौट रहे अजय यादव, सोनू पटेल और निरंजन कुमार ने रुककर 108 एम्बुलेंस बुलवाई और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उनके इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है।"
chandauli
6:59 PM, Apr 19, 2026
Share:


मृतक विवाहिता रीना देवी की फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By:पुनवासी यादव, सकलडीहा (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार देर रात करीब 11 बजे हुए सड़क हादसे में 36 वर्षीय विवाहिता रीना देवी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
माटी गांव निवासी राजकुमार की पत्नी रीना देवी धरहरा में कॉस्मेटिक की दुकान चलाती थीं। शनिवार रात दुकान बंद कर वह अपने भाई धर्मेन्द्र (30) के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पार करने के बाद अचानक सामने किसी जानवर के आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में पीछे बैठी रीना देवी के सिर में गंभीर चोट लगी और वह अचेत हो गईं। एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके दो बेटे रामू, श्यामू और एक बेटी गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हुई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
हादसे के बाद कई वाहन गुजरते रहे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। इसी दौरान मुगलसराय से लौट रहे अजय यादव, सोनू पटेल और निरंजन कुमार ने रुककर 108 एम्बुलेंस बुलवाई और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उनके इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है। भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवरब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन रात में प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है। अंधेरे के कारण सड़क स्पष्ट नहीं दिखती, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से यहां प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है।
