Chandauli News: मुगलसराय में व्यापारियों संग बैठक, अतिक्रमण पर सख्त दिखे एसपी, दिए कड़े निर्देश.
"एसपी ने व्यापारियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन कर शहर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में योगदान दें।"
chandauli
10:36 PM, Apr 9, 2026
Share:


बैठक में अतिक्रमण को लेकर निर्देश देते पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को मुगलसराय थाने में व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की, जिसमें सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों का सामान और काउंटर सड़क किनारे खींची गई निर्धारित सीमा (सफेद लाइन) के भीतर ही रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शहर में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए, ताकि जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
विज्ञापन
व्यापारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल को गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने व्यापारियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन कर शहर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में योगदान दें। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
