Chandauli News: तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत, परिजनों में मचा कोहराम.
"अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार ने बताया कि फरार वाहन की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी"।
chandauli
1:59 PM, Jan 8, 2026
Share:


मृतक पुनवासी गुप्ता की फाइल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के बिसुनपुरवा गांव के समीप गुरुवार को चहनियां–चंदौली हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।मृतक की पहचान कल्याणपुर गांव निवासी 56 वर्षीय पुनवासी गुप्ता के रूप में हुई है। वह चहनियां स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
गुरुवार को वह सकलडीहा से कोई कार्य निपटाकर टीबीएस बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बिसुनपुरवा गांव के पास हाईवे पर पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची बलुआ पुलिस ने घायल को तत्काल चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में रोते-बिलखते परिजनों को देखकर माहौल गमगीन हो गया। मृतक के परिवार में पत्नी गीता देवी, पुत्र पवन (जो मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है) तथा पुत्रियां सुमन, सुषमा, पिंकी और रचना हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि फरार वाहन की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



