Chandauli News: वन विभाग की टीम को देख भागा अवैध पत्थर लदा मिनी ट्रेलर, जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा.
“नौगढ़ तहसील क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध ढोका पत्थर लदे मिनी ट्रेलर को पीछा कर घेराबंदी के बाद पकड़ लिया। चालक वाहन छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गया। वन विभाग ने वाहन सीज कर चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।”
chandauli
11:43 PM, Oct 4, 2026
Share:


पकड़े गए ट्रक के साथ वन विभाग के कर्मचारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो चंदौली.
चंदौली। नौगढ़ तहसील क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध ढोका पत्थर का परिवहन कर रहे एक मिनी ट्रेलर को पीछा कर घेराबंदी के बाद पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। वन विभाग ने मिनी ट्रेलर को अवैध पत्थर समेत सीज कर वन परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया है।
रविवार को जयमोहनी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव अधीनस्थ स्टाफ के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जयमोहनी पोस्ता वन चौकी के पास एक मिनी ट्रेलर अवैध ढोका पत्थर लादकर परिवहन करते हुए दिखाई दिया। वन टीम ने वाहन रोकने के लिए हाथ देकर संकेत किया। चालक ने पहले वाहन की गति धीमी की, लेकिन अचानक गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने वाहन का पीछा शुरू किया। वन दरोगा सोमेश कुमार और वीरेंद्र पाण्डेय ने मुख्य मार्ग से पीछा किया, जबकि वनरक्षक चंद्रशेखर और मनीष गुप्ता जंगल के वैकल्पिक कच्चे रास्ते से आगे बढ़कर घेराबंदी करने लगे। करीब आधा किलोमीटर तक पीछा करने के बाद टीम ने मिनी ट्रेलर को घेरकर रोक लिया।
विज्ञापन
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के निर्देशन में रेंज क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा सोमेश कुमार, वीरेंद्र पाण्डेय तथा वनरक्षक चंद्रशेखर, मनीष गुप्ता सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।


