Chandauli News: मंत्री दयाशंकर मिश्र का अखिलेश पर हमला- जो राम मंदिर नहीं गए, वही आज सनातन की बात कर रहे हैं.
“चकिया स्थित सिल्वर बेल्स इंग्लिश स्कूल में सीबीएसई ईस्ट जोनल योगासन चैंपियनशिप का शुभारंभ करते हुए राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया।”
chandauli
8:22 PM, Jul 17, 2026
Share:


मंत्री दयाशंकर दयाल का स्वागत करते हैं सीबीएसई अधिकारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया, चंदौली.
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर चंदौली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चकिया स्थित सिल्वर बेल्स इंग्लिश स्कूल में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोनल तीन दिवसीय योगासन चैंपियनशिप का दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए सीबीएसई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने योगासन की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। हालांकि दोपहर की तेज धूप के बीच पर्याप्त छाया की व्यवस्था न होने से प्रतिभागियों को खुले मैदान में योगाभ्यास करना पड़ा।
अपने संबोधन में मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से 21 जून को संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विज्ञापन
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो लोग पहले भगवान राम, राम मंदिर और महाकुंभ पर सवाल उठाते थे, आज वही सनातन और मंदिरों की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल राजनीतिक स्वार्थ का हिस्सा है। मंत्री ने कहा कि जनता ऐसे दिखावे को भलीभांति समझती है। कार्यक्रम में चकिया विधायक कैलाश खरवार, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुषमा जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक चौहान, विद्यालय के प्रबंधक प्रभात जायसवाल, अनुपमा अग्रवाल, संचालक देवेश कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
