Chandauli News: तीरंदाजी प्रतियोगिता में मिर्जापुर मंडल ओवरऑल चैंपियन.
"ओवरऑल परिणाम में मिर्जापुर मंडल ने कुल 21 स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। वाराणसी मंडल 16 स्वर्ण के साथ दूसरे और आगरा मंडल 15 गोल्ड के साथ तीसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर पूरे मैदान में तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही"
chandauli
4:32 PM, Sep 27, 2025
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अरविंद कुमार, सैयदराज.
चंदौली। नेशनल इण्टर कालेज सैयदराजा के प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय विद्यालयी तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हुआ। रोमांचक मुकाबलों के बीच मिर्जापुर मंडल ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को गोल्ड मेडल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
बालक वर्ग में मिर्जापुर मंडल ने 13 स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। आगरा मंडल ने 9 गोल्ड के साथ दूसरा और मेरठ मंडल ने 6 गोल्ड मेडल के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में भी मिर्जापुर मंडल का दबदबा देखने को मिला। यहां खिलाड़ियों ने 12 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। आगरा ने 9 और मेरठ ने 5 गोल्ड जीतकर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान पाया। ओवरऑल परिणाम में मिर्जापुर मंडल ने कुल 21 स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। वाराणसी मंडल 16 स्वर्ण के साथ दूसरे और आगरा मंडल 15 गोल्ड के साथ तीसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर पूरे मैदान में तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही।
विज्ञापन
मुख्य अतिथि, वाराणसी मंडल के शिक्षा अपर सचिव डॉ. विनोद राय ने खिलाड़ियों की लगन और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी जीवन में एकाग्रता और धैर्य की शिक्षा देती है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक प्रोफेसर ज्ञानेश्वर चौबे ने कहा कि खेल जीवन में ऊर्जा और आत्मविश्वास भरते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। निर्णायक मंडल में उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के सचिव योगेंद्र राणा और बलरामकृष्ण यादव की देखरेख में प्रतियोगिता का संचालन हुआ।
मुख्य निर्णायक अशोक सिंह के साथ कपिल वर्मा, अभिषेक यादव और गौतम मौर्य निर्णायक मंडल में शामिल रहे। समापन समारोह में अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने किया, जबकि संचालन की जिम्मेदारी रजनीश राय एवं भारत भूषण ने संयुक्त रूप से निभाई। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश कुमार उर्फ बाटू जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।



