Chandauli News: देशी शराब ठेके की कैंटीन में मनबढ़ों का उत्पात, कर्मचारियों से मारपीट, वीडियो वायरल.
"मुगलसराय कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
6:07 PM, Jun 10, 2026
Share:


शराब की दुकान के पास कैंटीन में मारपीट करते युवक गोल घेरे में
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी स्थित सरकारी देशी शराब ठेके की कैंटीन में मंगलवार की रात मनबढ़ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि दबंगों ने कैंटीन संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पूरी घटना कैंटीन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित विशाल कुमार पुत्र संजय कुमार ने मुगलसराय कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि राम मंदिर क्षेत्र निवासी सोनू जायसवाल अपने दो अन्य साथियों के साथ कैंटीन पर पहुंचा था। किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कैंटीन संचालक व कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। साथ ही गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब नौ बजे की है। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन तत्काल पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने की चर्चा क्षेत्र में होती रही। बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई।
विज्ञापन
पीड़ित विशाल कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में सोनू जायसवाल और उसके दो अन्य साथियों को नामजद किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
