Chandauli News: बिजली समस्या पर सख्त हुए विधायक सुशील सिंह, लो वोल्टेज और ट्रिपिंग दूर करने के दिए निर्देश.
“सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज और ट्रिपिंग को लेकर विधायक सुशील सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि किसानों और आम उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।”
chandauli
7:07 PM, Jul 16, 2026
Share:


बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते विधायक सुशील सिंह।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। विधानसभा सैयदराजा क्षेत्र में लगातार बनी बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर विधायक सुशील सिंह ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और रात के समय होने वाली बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि वर्तमान समय खरीफ फसलों की सिंचाई का महत्वपूर्ण दौर है। किसान ट्यूबवेल और अन्य विद्युत संसाधनों के सहारे सिंचाई कर रहे हैं, लेकिन लो वोल्टेज और लगातार ट्रिपिंग के कारण मोटरें नहीं चल पा रही हैं, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि उमस भरी गर्मी में आम उपभोक्ताओं को भी अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
सुशील सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रात के समय रोस्टर और तकनीकी कारणों के नाम पर होने वाली अनावश्यक बिजली कटौती पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों की सिंचाई व्यवस्था और आम लोगों की दैनिक जरूरतें प्रभावित न हों। बैठक में प्रबंध निदेशक विद्युत वाराणसी शंभू कुमार, मुख्य अभियंता प्रवेश कुमार, अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह, अधिशासी अभियंता नरेश कुमार सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
