Chandauli News: बंदरों ने तोड़ा छज्जा, नीचे बैठी महिला घायल.
"विडंबना है कि दस बार सूचना देने के बाद भी विभाग के लोग नहीं आए। गांव के सुनील यादव का कहना है कि हमने वन विभाग के लोगों को कई बार सूचना दी, पोर्टल भी डाले, किन्तु विभाग के लोग नहीं आए। वन विभाग की घोर लापरवाही से गांव में दहशत है"
chandauli
2:04 PM, Aug 30, 2025
Share:


कैलावर में घायल महिला का कुशलक्षेम पूछते ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। चहनिया ब्लॉक क्षेत्र के कैलावर सहित आसपास के गांवों में बंदरों का आतंक फैला हुआ है। शुक्रवार की शाम को बंदरों द्वारा दो तल्ले का छज्जा झोरने से गिरती दीवार से 55 वर्षीय शीला देवी बुरी तरह से घायल हो गईं। अब तक दर्जनों लोग बंदरों के हमले में घायल हो चुके हैं। वन विभाग को सूचना देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसे लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। चहनिया क्षेत्र के कैलावर सहित आसपास के गांवों में बंदरों का आतंक इस कदर व्याप्त है कि लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। कैलावर गांव में विगत कई दिनों से बंदरों के झुंड ने आतंक मचा रखा है। शुक्रवार की शाम को घर के बाहर द्वार पर शीला देवी अपने नातिन की मालिश कर रही थीं। अचानक बंदरों का झुंड आकर उनके दो तल्ले मकान का छज्जा झोरने लगा, जिससे दीवार नीचे गिरकर मालिश कर रही शीला देवी के ऊपर आ गई।
विज्ञापन
बच्ची तो बाल-बाल बच गई, किन्तु वृद्ध महिला को गंभीर चोट आई। यही नहीं, दो दिन पहले बागवानी देवी के सिर के बाल नोचकर बंदर भाग गए। इसके अलावा शांति देवी, सिकंदर, दुलारी, विपिन, मोहन, शम्भू, सुजीत, संजय, सीता, अमरदेव, विकास सहित दर्जनों लोगों के परिजन बंदरों का शिकार बने हुए हैं। भय के कारण ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे बाहर नहीं निकल रहे हैं। विडंबना है कि दस बार सूचना देने के बाद भी विभाग के लोग नहीं आए। गांव के सुनील यादव का कहना है कि हमने वन विभाग के लोगों को कई बार सूचना दी, पोर्टल भी डाले, किन्तु विभाग के लोग नहीं आए। वन विभाग की घोर लापरवाही से गांव में दहशत है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराते हुए बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।



