Chandauli News: मोबाइल सिम लेने गई मां, डेढ़ वर्षीय मासूम लापता, एक घंटे में पुलिस ने सकुशल किया बरामद.
“मुगलसराय में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मोबाइल सिम लेने गई मां का डेढ़ वर्षीय बेटा अचानक लापता हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 और मुगलसराय पुलिस ने घेराबंदी कर महज एक घंटे में मासूम को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।”
chandauli
8:21 PM, Jul 21, 2026
Share:


पुलिस द्वारा खोजा गया मासूम बच्चा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कठौरी गांव निवासी सनी लाल बिंद की पत्नी सोनी सोमवार को अपने तीन बच्चों श्रेयांश, सिद्धांत और डेढ़ वर्षीय देवांश के साथ वाराणसी गई थीं। लौटते समय वह मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री कटरा में एक दुकान के पास बच्चों को ठेले पर सुलाकर मोबाइल सिम खरीदने चली गईं। करीब आधे घंटे बाद वापस लौटीं तो सबसे छोटा बेटा देवांश वहां नहीं मिला। मासूम के अचानक लापता होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिला ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल-112 और मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने तत्काल अलीनगर व बबुरी थाना पुलिस को भी अलर्ट कर आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान शुरू कराया। पुलिस ने चौराहों, गलियों और गांवों में खोजबीन की। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति मासूम को लेकर अमोघपुर की ओर जा रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर करीब एक घंटे के भीतर अमोघपुर क्षेत्र से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
विज्ञापन
मुग़लसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि किसी नशेड़ी व्यक्ति ने बच्चे को अपने साथ ले लिया था। मासूम को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
