Chandauli News: डीडीयू रेल मंडल में दूसरे दिन चलती ट्रेन में हत्या, यात्री सुरक्षा पर उठे सवाल.
"एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।"
chandauli
7:52 PM, May 11, 2026
Share:


AI तस्वीर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। डीडीयू रेल मंडल में लगातार दूसरे दिन चलती ट्रेन में यात्री की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार सुबह डीडीयू-वाराणसी रेलखंड के ब्लॉक हट-बी सेक्शन के पास कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में 57 वर्षीय यात्री की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे पहले रविवार को ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में भी एक युवक की गोली मारकर हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह डीडीयू स्टेशन के पास कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस के बाथरूम के समीप एक यात्री का रक्तरंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के सिर में गोली मारी गई थी। बताया जा रहा है कि मृतक बिहार का निवासी था और अपने रिश्तेदारों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकला था। ट्रेन में हत्या की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि जम्मूतवी एक्सप्रेस रात करीब 1:30 बजे डीडीयू स्टेशन से लखनऊ की ओर रवाना हुई थी। ट्रेन सिकटिया के समीप पहुंची थी तभी जनरल टिकट लेकर एस-2 कोच में बैठे यात्री को बदमाश ने अचानक गोली मार दी। गोली चलते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। मृतक की पहचान बिहार के पिपरिया गया निवासी 57 वर्षीय दिनेश साह के रूप में हुई है। पुलिस यात्रियों और परिजनों से पूछताछ कर आरोपी का हुलिया जुटाने में लगी है।
विज्ञापन
एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। जिस तरह आरोपी आसानी से कोच तक पहुंचा और हत्या के बाद फरार हो गया, उसने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।
उधर रविवार सुबह डीडीयू से ताड़ीघाट जा रही पैसेंजर ट्रेन में भी बदमाशों ने गाजीपुर के जमनिया निवासी 34 वर्षीय मंगरू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना कुचमन और सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बीच हुई थी। हत्या के बाद बदमाश शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर फरार हो गए थे। लगातार दो दिनों में चलती ट्रेनों में हुई हत्याओं से यात्रियों में दहशत का माहौल है और रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
