Chandauli News: जंगल में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, भालू के हमले की आशंका.
"वन क्षेत्राधिकारी जय मोहनी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि शव पर गहरे पंजों और काटने के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया जंगली भालू के हमले की आशंका प्रतीत होती है। वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
10:28 PM, Jun 18, 2026
Share:


AI फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : लकी केशरी, नौगढ़, चंदौली.
चंदौली। नौगढ़ तहसील क्षेत्र के गहिला बाबा जंगल में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शमशेरपुर गांव निवासी राजू मुसहर (25) पुत्र रामसूरत के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में जंगली भालू के हमले से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
परिजनों के अनुसार राजू मुसहर एक दिन पहले जंगल में लकड़ी लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बुधवार दोपहर जंगल में मवेशी चरा रहे चरवाहों की नजर एक क्षत-विक्षत शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान राजू मुसहर के रूप में की। घटना के बाद मृतक की पत्नी तेतरी और उसके दो छोटे बच्चों दिनेश (3 वर्ष) एवं रजनी (1 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
विज्ञापन
क्षेत्राधिकारी नौगढ़ नामेंद्र कुमार रावत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की जा रही है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं वन क्षेत्राधिकारी जय मोहनी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि शव पर गहरे पंजों और काटने के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया जंगली भालू के हमले की आशंका प्रतीत होती है। वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
