Chandauli News: नारी शक्ति वंदन हस्ताक्षर अभियान, सांसद दर्शना सिंह ने कहा, महिला सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल.
"सांसद दर्शना सिंह ने विद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से भी आह्वान किया कि वे छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाएं।"
chandauli
9:33 PM, Apr 15, 2026
Share:


नारी शक्ति बंदन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में हस्ताक्षर करती राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विवेकानंद.
चंदौली। जनपद के महेन्द्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में मंगलवार को नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में भव्य हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने शिरकत की। उनके आगमन पर विद्यालय प्रशासन और छात्राओं ने पुष्पगुच्छ एवं स्वागत गीत के माध्यम से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद अपने संबोधन में सांसद दर्शना सिंह ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक और मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए हैं, जिनमें यह अधिनियम अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिला सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा से महिलाओं के अधिकार और समान भागीदारी की पक्षधर रही है।सांसद दर्शना सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की बेटियां देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। शिक्षा के माध्यम से वे न केवल आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन भी ला सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे इस अधिनियम की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
विज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इसके अलावा विद्यालय परिसर से जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने “नारी शक्ति राष्ट्र शक्ति” और “महिला सशक्तिकरण – देश का उत्थान” जैसे नारों के साथ लोगों को जागरूक किया। हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अधिनियम के समर्थन में अपने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
