Chandauli News: चन्द्रप्रभा नदी से NDRF- SDRF की टीम ने निकाला एक किशोर का शव, दो की खोज जारी, छठ पूजा के दौरान पलटी थी नाव.
"एसडीएम विनय मिश्रा ने बताया कि बबुरी थाना के कोदोचक गांव में छठ पूजा के दौरान चंद्रप्रभा नदी में नाव पलट गई और आठ लोग नदी में डूब गए। पांच लोग तैरकर बाहर आ गए। तीन नाबालिग नदी में डूब गए। NDRF और SDRF की टीम ने एक नाबालिग के शव को बरामद कर लिया है। दो के शव की तलाश जारी है। मृतकों के परिजनों को आपदा राहत के तहत मुआवजा प्रदान किया जाएगा"
chandauli
1:45 PM, Oct 28, 2025
Share:


मृतक अरुण की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बबूरी थाना क्षेत्र के कोदोचक गांव में सोमवार की शाम छठ पूजा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। चंद्रप्रभा नदी में एक टीन की नाव पलट गई, जिसमें 08 लोग सवार थे। हादसे में तीन किशोर नदी में डूब गए, जबकि नाव चला रहे शख्स समेत पांच लोग तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। घटना के तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे NDRF और SDRF की संयुक्त टीम ने नदी में डूबे 13 वर्षीय को खोज निकाला, जबकि दो अन्य नाबालिकों के शव की तलाश जारी है। वहीं बारिश के कारण राहत बचाव में काफी दिक्कतें आईं। घटना की सूचना मिलते ही चकिया भाजपा विधायक कैलाश खरवार भी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, कोदोचक गांव में काली मंदिर के सामने गांव की महिलाएं छठ पूजा कर रही थीं। डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी चल रही थी। नदी के तट पर बड़ी संख्या में छठ पूजा के लिए लोग पहुंचे थे। इसी दौरान, एक नाव पर 08 लोग सवार होकर चन्द्रप्रभा नदी के बीच धारा में पहुंचे। तभी नाव पर सवार किशोर सेल्फी लेने के चक्कर में खड़े हुए और नाव असंतुलित होने लगी। जब तक नाव पर सवार लोग कुछ समझ पाते, नाव नदी के बीचो-बीच पलट गई।
घटना देखकर नदी किनारे मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। नदी किनारे मौजूद लोग डूबे लोगों को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। इस बीच, पांच लोग तैरकर नदी किनारे पहुंच गए। लेकिन तीन नाबालिग नदी के बीच धारा में समा गए। दर्दनाक हादसे से नदी किनारे मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही चकिया एसडीएम विनय मिश्रा, सीओ पीडीडीयू नगर कृष्णा मुरारी शर्मा और थाना बबुरी पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन
इस बीच ग्रामीण नदी में डूबे किशोरों की खोजबीन करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलते ही शाम लगभग 06 बजे चकिया बीजेपी विधायक कैलाश खरवार भी मौके पर पहुंच गए। वही डीएम चंद्र मोहन गर्ग भी मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल पर डूबे किशोरों की खोजबीन के लिए कोई प्रयास नहीं किए जाने से बीजेपी विधायक और चकिया के पूर्व बीजेपी विधायक शिव तपस्या पासवान नाराज हो गए। इस दौरान चकिया तहसीलदार और डीएम से बीजेपी विधायक और पूर्व विधायक की हॉट टॉक भी हो गई।
घटना के तीन घंटे बाद मौके पर वाराणसी से NDRF और SDRF की टीम पहुंची। चंद्रप्रभा नदी में दो नावों के जरिए NDRF और SDRF के जवान डूबे किशोरों की तलाश में जुटे। काफी प्रयास के बाद 13 वर्षीय अरुण, पुत्र कैलाश, का शव बरामद हो गया। जबकि 16 वर्षीय यश और 13 वर्षीय पियूष के शव की तलाश जारी है। तीनों मृतक कोदोचक गांव के निवासी हैं और तीनों गहरे दोस्त भी थे। घटना की जानकारी होने पर मौके पर रोते-बिलखते परिजन भी पहुंचे। बीजेपी विधायक ने नाराज ग्रामीणों को शांत कराया और मृतकों के परिजनों को ढांढस बढ़ाया।
घटना के संबंध में चकिया तहसील के एसडीएम विनय मिश्रा ने बताया कि बबुरी थाना के कोदोचक गांव में छठ पूजा के दौरान चंद्र प्रभा नदी में नाव पलट गई और आठ लोग नदी में डूब गए। जिसमें पांच लोग तैरकर बाहर आ गए। जबकि तीन नाबालिग नदी में डूब गए। NDRF और SDRF की टीम ने एक नाबालिग के शव को बरामद कर लिया है। जबकि दो के शव की तलाश जारी है। मृतकों के परिजनों को आपदा राहत के तहत मुआवजा प्रदान किया जाएगा।



