Chandauli News: 100 से अधिक म्यूल खातों के नेटवर्क का खुलासा, दो गिरफ्तार; 16 राज्यों में 76 साइबर फ्रॉड शिकायतें.
“चंदौली पुलिस ने म्यूल खातों के जरिए देशभर में साइबर ठगी करने वाले नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद बैंक खातों से 16 राज्यों में 76 साइबर फ्रॉड शिकायतें जुड़ी हैं, जिनमें करीब 29 लाख रुपये की ठगी का विवरण मिला है।”
chandauli
6:51 PM, Aug 11, 2026
Share:


पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते पुलिस अधीक्षक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। अलीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर म्यूल खातों के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के नवादा निवासी नीतीश कुमार और चंदौली के सकलडीहा कोट निवासी अमन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन, कूटरचित आधार कार्ड और 650 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद बैंक खातों और एनसीआरपी पोर्टल के मिलान में 16 राज्यों से जुड़ी 76 साइबर फ्रॉड शिकायतें सामने आई हैं। इनमें करीब 29 लाख रुपये की ठगी का विवरण मिला है। बरामद बैंक दस्तावेजों के आधार पर अकेले दोनों आरोपियों से जुड़े खातों में 7,20,725 रुपये के साइबर फ्रॉड का विवरण पाया गया है। पुलिस का कहना है कि ठगी की रकम और नेटवर्क का दायरा अभी और बढ़ सकता है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्थानीय स्तर पर लोगों के बैंक खाते खुलवाकर या पहले से खुले खातों को किराये पर लेकर उनकी पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड और सिम आदि हासिल करते थे। इसके बाद इन खातों को बिहार निवासी सोनू सिंह तक पहुंचाया जाता था। पुलिस के मुताबिक इस नेटवर्क में 100 से अधिक म्यूल खाते किराये पर लिए जाने की जानकारी मिली है।
विज्ञापन
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का इस्तेमाल लोन दिलाने, डिलीवरी पार्सल, पार्ट-टाइम जॉब, फेसबुक विज्ञापन और निवेश का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी की रकम मंगाने में किया जाता था। बरामद दोनों कूटरचित आधार कार्डों पर आरोपियों की तस्वीर लगी थी, लेकिन दूसरे नाम और पते दर्ज थे। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि मामले में संगठित साइबर अपराध की पूरी चेन की जांच की जा रही है। बिहार निवासी सोनू सिंह को वांछित किया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।



