Chandauli News: ऑपरेशन के बाद नवजात की मौत, परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का लगाया आरोप.
“चकिया के बद्रीनाथ अस्पताल में प्रसव के बाद जन्मे नवजात की वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।”
chandauli
9:01 PM, Sep 5, 2026
Share:


तहसील दिवस में शिकायत लेकर पहुंचे नवजात के परिजन
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : गोविंद कुमार, चकिया, चंदौली.
चंदौली। जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया के पास संचालित बद्रीनाथ अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती महिला के ऑपरेशन के बाद जन्मे नवजात की वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए तहसील दिवस में एसडीएम चकिया को प्रार्थना पत्र दिया है।
बबुरी थाना क्षेत्र के भदौलीया गांव निवासी अर्जुन अपनी पत्नी किरण देवी को प्रसव के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने महिला का ऑपरेशन किया। इसके बाद नवजात की हालत गंभीर बताई गई। हालत बिगड़ने पर उसे पहले चकिया स्थित किनाराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी में उपचार के दौरान नवजात की मौत हो गई।परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद नवजात की गंभीर स्थिति के बारे में उन्हें पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई और प्रसव के बाद बच्चे को देखने तक नहीं दिया गया। उपचार के नाम पर लाखों रुपये लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। नवजात की मौत के बाद परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित चिकित्सक पर पूर्व में भी उपचार में लापरवाही के आरोप लग चुके हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने मामले को गंभीर बताते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें चिकित्सकीय लापरवाही की कोई भूमिका थी या नहीं।



